संजय गांधी अस्पताल में रील बनाने का मामला गरमाया, युवती की हरकत पर जांच के आदेश
1 min read
रीवा।

जिले में स्थित संजय गांधी चिकित्सालय एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। इस बार मामला अस्पताल परिसर के अंदर बनाई गई एक सोशल मीडिया रील से जुड़ा है, जिसने प्रशासन और आमजन दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में कार्यरत एक ठेका कर्मी युवती ने गले में आईडी कार्ड पहनकर अस्पताल परिसर के अंदर वार्ड में एक गाने पर रील बनाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती परिसर के अंदर वार्ड में नृत्य करती नजर आ रही है, जिसे लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
इस घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जहां अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर मरीजों की सेवा और गंभीर वातावरण होना चाहिए, वहां इस तरह की गतिविधि न केवल अनुशासनहीनता को दर्शाती है बल्कि संस्थान की गरिमा पर भी सवाल खड़े करती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के मुख्य प्रबंधक राहुल मिश्रा ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने वायरल वीडियो के संदर्भ में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित युवती के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
