मनोकामना गैस एजेंसी के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
1 min readकर्नलगंज में मनोकामना गैस एजेंसी के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कर्नलगंज, गोण्डा।
तहसील क्षेत्र कर्नलगंज में स्थित मनोकामना गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया है। एजेंसी पर अनियमितताओं, ओटीपी के दुरुपयोग और गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एजेंसी पर ओटीपी नंबर का दुरुपयोग कर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है, जिन्हें 2000 से 3000 रुपये तक में ब्लैक में बेचा जा रहा है। इसके अलावा एजेंसी पर कार्यरत कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट न होने से उपभोक्ता असमंजस में रहते हैं और दलालों के चंगुल में फंस जाते हैं। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि एजेंसी पर पूछताछ काउंटर और स्पष्ट व्यवस्था के अभाव में आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लाइन व्यवस्था न होने के कारण प्रभावशाली लोगों का काम पहले हो जाता है, जबकि आम लोग घंटों इंतजार करते रह जाते हैं। साथ ही, पर्चियों के माध्यम से सिस्टम का दिखावा कर अधिकतर गैस सिलेंडर ब्लैक में बेचे जाने का भी आरोप लगाया गया है। एजेंसी कर्मचारियों के दुर्व्यवहार को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का कहना है कि कर्मचारियों का रवैया आम उपभोक्ताओं के प्रति रूखा और धमकाने वाला होता है, जिससे लोग खुद को असहज महसूस करते हैं। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि एजेंसी पर सभी कर्मचारियों की सूची और उनके पद स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, कर्मचारियों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य किए जाएं, भीड़ को देखते हुए केवाईसी के दो काउंटर बनाए जाएं, एक अलग पूछताछ केंद्र स्थापित किया जाए, गैस वितरण की तिथि स्पष्ट रूप से बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाय, आम जनता के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियमित कार्य किया जाय, प्रभावशाली व्यक्तियों के लिए अलग समय निर्धारित किया जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि की गई कार्रवाई पारदर्शी तरीके से सिस्टम में दिखाई दे, जिससे भविष्य में शिकायतों पर रोक लग सके। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान अवध क्षेत्र अध्यक्ष संजय पांडेय, जिला प्रभारी विजय भारती, जिलाध्यक्ष महंत सुनील पुरी महाराज, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष अरविंद गिरी, महिला अध्यक्ष सविता मिश्रा, मंडल मंत्री राम अनुज मिश्रा, जिला संरक्षक महेंद्र सिंह, जिला सलाहकार मोहित मिश्रा, जिला संगठन मंत्री सीमा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष रुचि अवस्थी, युवा जिला उपाध्यक्ष सुमन शर्मा, तहसील अध्यक्ष पवन तिवारी, अजय सिंह, गीता गोस्वामी, प्रवेश गुप्ता, सिंधु पीसी, मास्टर अखिलेश शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

