साइबर फ्रॉड की रोकथाम के लिए प्रत्येक बैंक में साइबर हेल्पडेस्क काउंटर करें स्थापित-डीएम
1 min read
धौलपुर,
जिला स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति एवं समीक्षा समिति की बैठक जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें सरकारी योजनाओं के ऋण आवेदन व सब्सिडी दावों में लंबित प्रकरणों को नियमानुसार समय सीमा में निस्तारित किया जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन योजना, पीएम युवा स्वरोजगार आदि योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी बैंक अधिकारी आमजनों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में वर्ष 2025-26 की वार्षिक साख योजना की समीक्षा की गई तथा केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न वित्तीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में साइबर फ्रोड अधिक बढ़ गए है। इसके लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाना सुनिश्चित करें। जिससे साइबर अपराध में कमी आए। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को सुझाव देते हुए कहा कि सभी बैंकों में साइबर फ्रॉड हेल्पडेस्क नाम से काउंटर को स्थापित किया जाएं। जिससे किसी खातेदार के साथ साइबर फ्रॉड होने पर वह तत्काल बैंक में आकर हेल्पडेस्क से उचित मदद ले सकें।
बैठक में विभिन्न बैंकों द्वारा संचालित शाखाओं एवं उनकी उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जिले में बैंकों के ऋण-जमा अनुपात यानि सीडी रेशो में अभी भी काफी सुधार की संभावनाएं हैं। सीडी रेशो में सुधार के लिए सभी बैंक अधिकारी लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटित करने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लिए ऋण आवंटन में बिलकुल भी देरी नहीं होनी चाहिए। इन योजनाओं के लाभार्थियों को उदारता से ऋण दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋण देने वाले खातों की मॉनिटरिंग की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पशुपालन के ऋण वाले वाले ऋणी का मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशु का बीमा किया जाना सुनिश्चित करें। नाबार्ड की एग्री क्लीनिक एवं एग्री बिजनेस सेंटर स्कीम में बैंक अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग और मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे इन योजनाओं की जानकारी आम किसानों तक पहुंचाएं और उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। अग्रणी जिला प्रबंधक मंगेश कुमार ने बताया कि बैठक का उद्देश्य वित्तीय योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करना, बैंकों एवं प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करना और आगामी कार्ययोजना पर मार्गदर्शन प्राप्त करना है। बैठक में विभिन्न बैंक के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

