नगर पालिका मनियां के वार्डो के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के साथ बैठक का हुआ आयोजन
1 min read
धौलपुर
,
राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा नगरीय निकायों के आम चुनाव 2026 के लिए निर्वाचक नामावली का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एसीएम मनियां कर्मवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका मनियां के समस्त वार्डों की निर्वाचक नामावलियां 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने एवं वार्ड का सामान्य तौर पर निवासी होने के आधार पर तैयार की जाएगी।
इसके संबंध में नगर पालिका मनियां के अन्तर्गत आने वाले समस्त वार्डों के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में राष्ट्रीय राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि डॉ. मनोज शर्मा, जिला संयोजक आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष मुवीन अहमद फारूकी, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष किशनसिंह अजानिया, आईएनसी के प्रतिनिधि साकेत बिहारी शर्मा उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि सभी राजनैतिक पार्टीयों को नगर परिषद धौलपुर के समस्त वार्डाे की मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी सीडी में उपलब्ध कराई गई। सभी राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि नगर पालिका मनियां में कुल मतदाता 10235 जिनमें से पुरुष 5329 महिला 4906 अन्य शून्य है। उनको अवगत कराया कि नगर पालिका मनियां के सभी प्रगणक अपने-अपने वार्डाे में मतदाता सूची के लिए 24 मार्च से 7 अप्रैल तक निर्वाचक नामावलियों की प्रविष्टियों के बारे में मतदाताओं के दावे, आपत्तियों को प्राप्त करेगें। इसके लिए 29 मार्च रविवार एवं 5 अप्रैल रविवार को विशेष अभियान तिथियों में पूरे दिवस प्रातः 9 बजे से सांय 6 बजे तक एवं शेष दिवसों में मध्याह्न पश्चात 2 बजे से सायं 6 बजे तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के दावे, आपत्तियों के आवेदन प्रारूप 3, 5 एवं 6 में प्राप्त करेगें। नगर पालिका मनियां के अन्तर्गत आने वाले समस्त वार्डों में 25 मार्च को वार्ड, मतदान केन्द्रों पर वार्ड सभाएं आयोजित की जाएगी जिसमें निर्वाचक नामावलियों का पठन किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र मनियां के नागरिकों से योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु अपील की है।
ब्यूरो विजय शर्मा


