राजस्थान दिवस पर रंगारंग व सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
1 min read
धौलपुर,
राजस्थान दिवस के अवसर पर नगर परिषद टाउन हॉल में गुरुवार को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी मौजूद रहे। इस अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली कलाकारों एवं कवियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसे नवीन लखेरा ने प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात शीतल सरनाम ने लोकगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। रजनी कंवर ने भजन प्रस्तुति से भक्ति रस की धारा प्रवाहित की, वहीं राजा कंसाना ने राजस्थानी लोक नृत्य से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
मिथिलेश लखेरा द्वारा ब्रज लोकगीत की प्रस्तुति दी गई, जबकि आशिष वर्मा ने काव्य पाठ के माध्यम से अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया। रजनी कंवर ने एक बार फिर ब्रज लोक नृत्य प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। लक्ष्मण कोली ने भजन संध्या में मधुर स्वर बिखेरे, वहीं रजनी शाक्य ने पद्य पाठ कर दर्शकों का दिल जीता।
कार्यक्रम में यशोदा नन्दन शर्मा ने कच्ची घोड़ी नृत्य प्रस्तुत कर लोक संस्कृति की झलक दिखाई। नवीन लखेरा ने समापन पर “मधुर गान और धुनों का संगम” प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। लक्ष्मण कोली ने बम वादन के जरिए कार्यक्रम में अलग ही ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया गया। कार्यक्रम में उप निदेशक आईसीडीएस भूपेश गर्ग ने भी गायन कर सभी को अभिभूत किया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उपखंड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह, कोषाधिकारी सतीश बैसला, जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव, पर्यटन विभाग राजपाल धनकड, जिला प्रचारक रौनक सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे। मंच का संचालन रंजीत दिवाकर ने किया ।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

