अवैध शराब पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई 25 क्विंटल से ज्यादा लहन कराया नष्ट
1 min read
तारुन अयोध्या

जनपद के तारुन थाना क्षेत्र के बराव गांव में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 क्विंटल से अधिक लहन नष्ट कर दिया। गोपनीय सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव के बाहरी इलाके में छापा मारा, जहां बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो भारी मात्रा में लहन जमीन में गड्ढों के भीतर रखा मिला, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि समय पर यह एक्शन न होता तो यह अवैध शराब बड़ी मात्रा में गांवों और बाजारों में खपाई जा सकती थी।
इस अभियान में उपनिरीक्षक मुन्नीलाल के साथ सिपाही रवि शर्मा, दिनेश पाल, गंभीर सिंह, सोनू यादव, संतराम और उमेश यादव शामिल रहे। पुलिस बल की सक्रियता से अवैध कारोबार में शामिल लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, और ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की कि ऐसे ऑपरेशन लगातार जारी रहें, ताकि क्षेत्र पूरी तरह अवैध शराब मुक्त बन सके।
