बीसीएमओ डॉ. चेतराम मीणा ने किया चिकित्सा संस्थाओं का निरीक्षण
1 min read
एनसीडी स्क्रीनिंग, तंबाकू निषेध, स्पर्श कुष्ठ रोग कार्यक्रम एवं आभा आईडी बनाने पर दिया जोर
धौलपुर
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी धौलपुर डॉ. चेतराम मीणा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कैथरी एवं नुनहेरा का निरीक्षण कर विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, प्रयोगशाला सेवाएं, स्टाफ उपस्थिति, संस्थान में साफ-सफाई तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. मीणा ने एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के अधिकाधिक व्यक्तियों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। सीएचओ एवं एएनएम द्वारा घर-घर सर्वे कार्य में तेजी लाई जाए तथा चिन्हित मरीजों का समय पर उपचार एवं नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
तंबाकू नियंत्रण गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्कूलों, ग्राम सभाओं एवं सामुदायिक स्तर पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को परामर्श एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी बल दिया, ताकि तंबाकू सेवन से होने वाले रोगों की रोकथाम की जा सके।
इस दौरान स्पर्श कुष्ठ रोग जागरूकता अभियान के अंतर्गत सक्रिय रोगी खोज, प्रारंभिक पहचान एवं निःशुल्क उपचार की निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग पूर्णतः उपचार योग्य है, इसलिए किसी भी संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल जांच कर उपचार प्रारंभ किया जाए तथा मरीजों के प्रति किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए।
डॉ. मीणा ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत अधिक से अधिक मरीजों की आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आभा आईडी से मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगे, जिससे भविष्य में उपचार प्रक्रिया सरल एवं सुगम होगी। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को आभा आईडी के लाभों के प्रति जागरूक कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाए।
ब्यूरो विजय शर्मा

