February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सीएमओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने स्वास्थ्य संस्थानों का किया निरीक्षण, एनसीडी स्क्रीनिंग एवं फॉलोअप पर विशेष जोर

1 min read
Spread the love


धौलपुर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का सघन निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं रोगी प्रबंधन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर, महू गुलावली, बोरली, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बसेड़ी तथा खंड कार्यालय बाड़ी एवं बसेड़ी का अवलोकन किया। इस दौरान ओपीडी सेवाओं, आईपीडी व्यवस्थाओं, प्रसूति सेवाओं, लेबर रूम की कार्यप्रणाली, दवा भंडारण, कोल्ड चेन मेंटेनेंस, प्रयोगशाला जांच, टीकाकरण सत्रों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई।
डॉ. मीणा ने विशेष रूप से एनसीडी (असंक्रामक रोग) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की सी-बैक फॉर्म के माध्यम से शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाए। चिन्हित मरीजों की ई-रजिस्ट्रेशन, दवा उपलब्धता एवं मासिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि असंक्रामक रोग लंबे समय तक बिना लक्षण के रहते हैं, इसलिए प्रारंभिक जांच एवं निरंतर निगरानी अत्यंत आवश्यक है। ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं अन्य आवश्यक जांच नियमित रूप से कर मरीजों को परामर्श एवं जीवनशैली सुधार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाए।
साथ ही उन्होंने आशा सहयोगिनियों द्वारा भरे गए सी-बैक फॉर्म का समय पर सत्यापन करने तथा आशाओं के प्रोत्साहन राशि के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए, ताकि फील्ड स्तर पर एनसीडी स्क्रीनिंग की गति बनी रहे।
पीएचसी बोरली के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचनात्मक मानकों एवं सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए।
सीएमएचओ डॉ. मीणा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, समय पर रोग पहचान एवं प्रभावी फॉलोअप ही बेहतर स्वास्थ्य परिणामों की कुंजी हैं। निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *