लापता 17 वर्षीय किशोरी बरामद, परिजनों ने युवक पर लगाया था अपहरण का आरोप
1 min readइनायत नगर में लापता 17 वर्षीय किशोरी बरामद, परिजनों ने युवक पर लगाया था अपहरण का आरोप
अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र से सात फरवरी की रात लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने तलाश कर बरामद कर लिया है। परिजनों ने एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। किशोरी को बरामद करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है।
परिवार के अनुसार, किशोरी 7 फरवरी की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई थी। परिजनों ने पहले गांव और आसपास के खेतों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। इस आधार पर 8 फरवरी को किशोरी के पिता ने युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। लगातार खोजबीन और प्रयासों के बाद पुलिस ने किशोरी को थाना क्षेत्र से ही सुरक्षित बरामद कर लिया। सूत्र बता रहे हैं कि जिस युवक पर अपहरण का आरोप लगाया गया है, वह गुजरात में मजदूरी करता है और घटना के समय गांव में मौजूद भी नहीं था।
जांच में यह भी सामने आया कि किशोरी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी, जिस पर परिवार वालों ने आपत्ति जताई और उसे डांटा था। इसी नाराजगी में वह घर से बाहर निकल गई थी।
थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने बताया कि किशोरी के मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में उसके बयान के आधार पर अगले चरण की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

