February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों का हुआ निस्तारण, जिला कलक्टर स्वयं पहुंचे मौके पर

1 min read
Spread the love


धौलपुर

मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जन परिवादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान संचालित किया गया। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने स्वयं विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर परिवादों की तथ्यात्मक स्थिति का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
फोंडपुरा, नीम का खेड़ा निवासी महेश द्वारा अवैध विद्युत लाइन के संबंध में परिवाद प्रस्तुत किया गया था। जिला कलक्टर ने स्थल निरीक्षण कर अवैध लाइन को तत्काल हटवाया तथा संबंधित विभाग को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बाड़ी क्षेत्र के श्यामपुरा बसईडांग निवासी देवेंद्र द्वारा रास्ते की मांग संबंधी परिवाद प्रस्तुत किया गया। जांच में पाया गया कि प्रस्तावित मार्ग खातेदारी भूमि से होकर अपेक्षित है। इस पर परिवादी को विधिक प्रावधानों के तहत सक्षम न्यायालय में वाद दायर करने की सलाह दी गई। परिवादी द्वारा मौके पर संतोष व्यक्त किया गया।
मठ नीमखेड़ा निवासी लोकेन्द्र द्वारा सफाई व्यवस्था संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। निरीक्षण के दौरान परिवादी उपस्थित नहीं मिला, किंतु परिजनों द्वारा वर्तमान में नियमित सफाई होने की जानकारी दी गई। जिला कलक्टर ने संबंधित ठेकेदार को प्रतिदिन सफाई कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तर से प्राप्त 67 असंतुष्ट परिवादों के निस्तारण हेतु एडीएम, एसडीएम एवं बीडीओ सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा भी क्षेत्र में जाकर जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *