February 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

सरकारी पुलिया हटाने को लेकर हुए विवाद, दबंगों ने महिला को लाठी डंडों से पीटा

1 min read
Spread the love

अयोध्या

जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र के वहउद्दीनपुर गांव में सरकारी पुलिया हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव की 20 वर्षीय युवती काजल पर पुलिया हटाने का विरोध करने पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि काजल के घर के पास लंबे समय से एक सरकारी पुलिया बनी हुई है, जिसका उपयोग स्थानीय लोग रोजमर्रा के आवागमन में करते हैं। आरोप है कि गांव के ही अयोध्या प्रसाद और उसके परिजन इस पुलिया को जबरन तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। काजल ने इसे सरकारी संपत्ति बताते हुए रोकने की कोशिश की, जिससे आरोपी पक्ष भड़क गया।

विवाद बढ़ने पर अयोध्या प्रसाद और उसके परिजनों ने अचानक काजल पर हमला बोल दिया। बताया गया कि हमलावरों ने लाठी-डंडे, ईंट से बेरहमी से प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। ग्रामीणों के हस्तक्षेप करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची।

गंभीर रूप से घायल काजल को एंबुलेंस से सीएचसी बीकापुर ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाज़ुक बताते हुए आगे बेहतर इलाज की सलाह दी है। पीड़िता की ओर से बीकापुर कोतवाली में अयोध्या प्रसाद व उसके परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

बीकापुर कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काजल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *