February 10, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

तहसील सभागार में एमआर अभियान को लेकर टास्क फोर्स की बैठक,गैरहाजिर अधिकारियों पर एसडीएम हुए नाराज

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर

अयोध्या

जनपद के मिल्कीपुर तहसील में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुधीर कुमार की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत सरकार द्वारा संचालित मिजल्स-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करना रहा। इस दौरान एसडीएम ने अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
एमआर अभियान भारत सरकार का एक प्रमुख टीकाकरण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाना है। इस अभियान के तहत 9 महीने से 15 वर्ष तक के सभी बच्चों को मुफ्त टीकाकरण कर वर्ष 2026 तक खसरा और रूबेला के उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान मुख्य रूप से स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों के माध्यम से संचालित किया जाता है।
बैठक में बताया गया कि एमआर वैक्सीन की दो खुराकें निर्धारित हैं। पहली खुराक 9 से 12 माह की आयु में तथा दूसरी खुराक 16 से 24 माह की आयु में दी जाती है। अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को लक्षित किया जा रहा है।
एसडीएम सुधीर कुमार ने बैठक में शिक्षा विभाग और विकास विभाग के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामूहिक जिम्मेदारी का है और सभी संबंधित विभागों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी भी दी।
जानकारी दी गई कि अभियान के तहत 16 फरवरी से 27 फरवरी तक सभी प्राथमिक विद्यालयों और मदरसों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जाकर कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों का टीकाकरण करेंगी। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी स्वास्थ्य टीम का सहयोग करेंगे।
बैठक में नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय, रंजन वर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर के अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा, सीएचसी हैरिंग्टनगंज के अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *