करमडांडा ने पुरैनी को हराकर एकता कप जीता
1 min readकरमडांडा ने पुरैनी को हराकर एकता कप जीता
विजेता को 11000 तथा उपविजेता को 5100 का पुरस्कार मिला
मिल्कीपुर अयोध्या

विकासखंड मिल्कीपुर के ग्राम पंचायत सोधिहांवा में आयोजित एकता कप क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल करमडांडा की टीम ने जीत लिया है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे खेले गए रोमांचक मुकाबले में करमडांडा ने पुरैनी (देवरिया) की टीम को पांच विकेट से हराया।
टॉस जीतकर करमडांडा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुरैनी देवरिया की टीम ने 14.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 159 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज विकास ने सर्वाधिक 49 रनों का योगदान दिया। करमडांडा के तेज गेंदबाज दिलशाद बाबा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 24 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी करमडांडा की टीम ने 15वें ओवर में दो गेंद शेष रहते हुए 160 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच विकेट से मैच जीत लिया। करमडांडा की ओर से विशाल ने 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। मैच के दौरान दिलचस्प संयोग रहा कि दोनों टीमों ने 14.4 ओवर की पारी खेली।
आयोजक बंटी श्रीवास्तव ने बेहतरीन गेंदबाजी के लिए दिलशाद बाबा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य साहब लाल यादव ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार राशि भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
फाइनल मैच में विजय सिंह राजू और रामजी तिवारी ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई, जबकि विकास श्रीवास्तव उर्फ बंटी लाला और विजय कुमार ने अंपायरिंग की। शुभम शर्मा ने स्कोरर का कार्य संभाला। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्लन दुबे, रंजीत कुमार, राम लौटन सिंह, बबलू श्रीवास्तव, किशन कुमार समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
