February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित

1 min read
Spread the love

संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बैठक आयोजित
छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति के लक्ष्य के साथ 14 अप्रैल तक चलेगा अभियान
धौलपुर,

नीति आयोग द्वारा 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक संचालित किए जा रहे संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने बताया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के लिए चिन्हित पांच संकेतकों तथा आकांक्षी ब्लॉक बसेड़ी के लिए चिन्हित छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति प्राप्त करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 जन-भागीदारी पर आधारित एक जन-आंदोलन है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की 100 प्रतिशत पहुँच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का आगामी 2 फरवरी को जिला तथा ब्लॉक बसेड़ी में शुभारम्भ किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिला एवं बसेड़ी ब्लॉक को चयनित संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति की श्रेणी में लाया जा सके। जिला कलक्टर ने नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गतिविधियाँ आयोजित करने तथा ग्राम सभाओं के माध्यम से आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉक में आईसीडीएस के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, कार्यात्मक शौचालय एवं पेयजल सुविधा युक्त आंगनबाड़ी केंद्र, बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा वाले विद्यालय तथा एफएमडी के विरुद्ध गोवंश टीकाकरण जैसे संकेतक शामिल हैं। वहीं आकांक्षी जिलों के लिए जन्म के समय बच्चों का वजन, टीबी नियंत्रण, ग्राम एवं शहरी स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन, कार्यात्मक बालिका शौचालय युक्त विद्यालय तथा पशु टीकाकरण को प्रमुख संकेतकों के रूप में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान की ब्लॉक एवं जिला स्तर पर पाक्षिक समीक्षा की जाएगी तथा बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीणा, उपखंड अधिकारी बसेड़ी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा, उप निदेशक आईसीडीएस भूपेश गर्ग, मुख्य आयोजना अधिकारी भरत राव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *