किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल,एचपीवी टीकाकरण को लेकर चिकित्सा अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
1 min readधौलपुर राजस्थान
,जिलेभर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने लिए विशेष टीका लगाया जाएगा। इसके तहत बुधवार को जिला मुख्यालय पर चिकित्सा अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर 15वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान वैक्सीन की उपयोगिता, लक्ष्य समूह की पहचान, टीकाकरण की प्रक्रिया, सुरक्षा मानक एवं संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पात्र बालिकाओं की पहचान कर समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम प्रभावी रूप से की जा सके।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक सुरक्षात्मक टीका है, जो ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीवी से होने वाले संक्रमण से बचाव करता है। एचपीवी एक ऐसा वायरस है जो आगे चल कर सर्वाइकल कैंसर सहित कुछ अन्य कैंसर और बीमारियों का कारण बन सकता है। यह टीका मुख्य रूप से किशोरियों को लगाया जाता है। भारत में इसे विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए उपयोग किया जा रहा है। यह टीका एचपीवी के खतरनाक प्रकारों से सुरक्षा देता है, जो कैंसर का कारण बनते हैं। टीकाकरण संक्रमण होने से पहले अधिक प्रभावी होता है, इसलिए कम उम्र में लगाया जाता है। सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है। प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव मीणा, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. ऋचा बैंजल सहित सभी खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा चिकित्सा अधिकारी प्रभारी मौजूद रहे।
ब्यूरो विजय शर्मा

