February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

श्री राधा बिहारी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

1 min read
Spread the love

धौलपुर राजस्थान।
श्री राधा बिहारी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन, विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब
धौलपुर। शहर के पैलेस रोड स्थित ऐतिहासिक श्री राधा बिहारी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन सोमवार को बेहद गरिमामयी और भव्य तरीके से हुआ। कथा की पूर्णाहुति पर आयोजित हवन और उसके बाद हुए विशाल भंडारे ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। पैलेस रोड पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कथा के विश्राम दिवस पर प्रातः काल मंदिर प्रांगण में विशाल हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। विद्वान पंडितों के सानिध्य में यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां डालीं। धूप और अगरबत्ती की सुगंध के साथ ‘स्वाहा’ के उद्घोष ने वातावरण को शुद्ध और आध्यात्मिक बना दिया। धौलपुर भक्त मंडल समिति के संगीता गुप्ता, विजय शर्मा, रवि शिवहरे, कमलजीत सिंह, भोला गुप्ता ने भगवान राधा-बिहारी जी से जिले में खुशहाली, अच्छी वर्षा और निरोगी काया की प्रार्थना की। हवन की पूर्णाहुति के बाद दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। मंदिर के बाहर और पैलेस रोड पर भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। विशेष प्रसाद पाकर श्रद्धालु धन्य हो गए। खास बात यह रही कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने एक ही पंगत में बैठकर सादगी के साथ प्रसाद ग्रहण किया। युवाओं की टोलियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ वितरण व्यवस्था संभाली, जिससे भीड़ के बावजूद अनुशासन बना रहा। समापन के अवसर पर श्री राधा बिहारी मंदिर का विशेष श्रृंगार किया गया था। रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत सज्जा से मंदिर की आभा देखते ही बन रही थी। कथा समापन पर कथा व्यास योगेश कृष्ण महाराज जी ने व्यास पीठ की आरती कराई, और व्यास जी ने सभी को व्यास पीठ से आशीर्वाद प्रदान किया जिसमें महिलाओं ने मंगल गीत गाए। श्रद्धालुओं का कहना था कि पिछले सात दिनों से चल रही भागवत गंगा ने उनके जीवन में नई ऊर्जा का संचार किया है। देर शाम तक श्रद्धालु मंदिर में माथा टेकने और प्रसादी लेने पहुंचते रहे। इस अवसर पर नीलम दिक्षित, रामकिशोर पाठक, मनोज चौहान, पवन शर्मा, सुनील जगरिया उपेंद्र दीक्षित, वीरू गुर्जर, पुनीत पाठक, शिवानी, अरविंद पचौरी, सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे आयोजको ने सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

ब्यूरो विजय शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *