कुचेरा बाजार की बदहाल सड़क को मिला नया जीवन, जलभराव से मिलेगी राहत
1 min readमिल्कीपुर अयोध्या
क्षेत्र के ग्राम सभा कुचेरा बाजार से रायबरेली–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए मजनाई को जाने वाली संपर्क मार्ग, जो बीते कई वर्षों से गड्ढों में तब्दील होकर राहगीरों और व्यापारियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी, अब कायाकल्प की ओर अग्रसर है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव और पानी की निकासी न होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय जनता की समस्या को देखते हुए दैनिक भास्कर के स्थानीय पत्रकार द्वारा इस ज्वलंत मुद्दे को कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिसका असर यह हुआ कि शासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यदाई संस्था द्वारा रायबरेली–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग से मजनाई जाने वाली संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई।
लगभग 51 लाख रुपये की लागत से सड़क के दोनों ओर 450-450 मीटर लंबाई में आईसीसी नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही करीब 200 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
PWD के मेट करिया ने बताया कि नाले का निर्माण पूरी मजबूती के साथ किया जा रहा है तथा सड़क को ऊंचा कर इंटरलॉकिंग बनाई जाएगी, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा न उत्पन्न हो और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं कुचेरा ग्राम सभा के स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस संपर्क मार्ग के दुरुस्त होने से न केवल कुचेरा बाजार, बल्कि आसपास की कई ग्राम सभाओं के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

