February 11, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं के द्वारा अरावली पर्वतमाला संरक्षण के समर्थन में जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

1 min read
Spread the love

धौलपुर

कांग्रेस सेवादल राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस सेवादल धौलपुर जिलाध्यक्ष समृद्धि दीक्षित के नेतृत्व में एवं ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सोनू यादव की अध्यक्षता में आज अरावली पर्वतमाला संरक्षण के समर्थन में जिला कलेक्टर, धौलपुर को ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर सूत की माला एवं कांग्रेस सेवादल की टोपी अर्पण कर मौन विरोध प्रदर्शन के साथ हुई। इस अवसर पर “रघुपति राघव राजा राम” का सामूहिक गायन कर गांधी जी को नमन किया गया। इसके पश्चात अरावली पर्वतमाला को कमजोर करने वाले निर्णयों के विरोध में कांग्रेस सेवादल द्वारा जिला कलेक्टर को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष श्रीमती समृद्धि दीक्षित ने संबोधित करते हुए कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल पहाड़ नहीं, बल्कि उत्तर भारत का पर्यावरणीय सुरक्षा कवच है। अरावली को कमजोर करने वाले निर्णय भविष्य की पीढ़ियों के अधिकारों पर सीधा प्रहार हैं। 100 मीटर से कम ऊँचाई के आधार पर अरावली की परिभाषा सीमित करना पर्यावरण संरक्षण की भावना के विपरीत है, जिससे अवैध खनन और अंधाधुंध विकास को बढ़ावा मिलेगा। कांग्रेस सेवादल अरावली संरक्षण के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।

इसके पश्चात ओबीसी प्रकोष्ठ धौलपुर जिलाध्यक्ष सोनू यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अरावली पर्वतमाला का संरक्षण सामाजिक न्याय और पर्यावरणीय संतुलन दोनों के लिए आवश्यक है। यदि अरावली नष्ट होती है तो इसका सबसे बड़ा नुकसान ग्रामीण, किसान और वंचित वर्ग को होगा। ओबीसी प्रकोष्ठ कांग्रेस सेवादल के साथ मिलकर अरावली बचाओ आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में यंग ब्रिगेड सेवादल धौलपुर जिलाध्यक्ष परवेश पठान ने कहा कि युवा शक्ति पर्यावरण संरक्षण के इस संघर्ष में पूरी मजबूती से खड़ी है। अरावली को बचाने के लिए युवा हर लोकतांत्रिक आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे और इस लड़ाई को जन-जन तक पहुँचाएंगे।

कांग्रेस सेवादल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि अरावली पर्वतमाला से संबंधित सभी न्यायिक आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए, अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा अरावली को संरक्षित पारिस्थितिक क्षेत्र के रूप में सुरक्षित रखा जाए।

इस कार्यक्रम में राम भरोसी शर्मा, बनवारी लाल जाटव, शिब्बू लोधा, दीपक सक्सेना, राजेश कुशवाहा, अरविंद पचौरी, राजेश गौड़, दाऊ दयाल त्यागी, लोकेंद्र कंडेरा, अभिषेक यादव, सुमन, अनिल अरेला, प्रेमचंद, कृष्णा, विक्रम पहाड़िया, सुरेंद्र सिंह, विनीता, कमलेश, मीना, ममता, सरिता, पूजा, लॉंगश्री, तुलसी, गंगा देवी, रामाधार गुर्जर, अमु, राजकुमार, सुनील, सचिन शर्मा, राहुल बघेल, पंकज, नरेंद्र यादव, प्रदीप अवस्थी एवं इक़बाल सैफी रमेश चंद महामना सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *