साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु दिये निर्देश
1 min read
धौलपुर,
वर्तमान राज्य सरकार के 2 वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं साप्ताहिक समीक्षा बैठक का सोमवार को जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 12 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में सभी विभागां एवं संबंधित नोडल अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 12 दिसम्बर को विकसित राजस्थान रथ यात्रा, 13 दिसम्बर को 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान, 14 दिसम्बर को स्वच्छता कार्यक्रम एवं श्रमदान व कचरा संग्रहण, एतिहासिक स्मारकों, पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई, 15 दिसम्बर को चिकित्सा विभाग द्वारा रक्तदान शिविर, आरोग्य कैम्प, गौसेवा शिविर, 16 दिसम्बर को तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी, 17 दिसम्बर को ग्रामीण एवं शहरी सेवा फोलोअप शिविर, 21 दिसम्बर को रन रन फॉर विकसित राजस्थान, 22 दिसम्बर को युवा रोजगार दिवस, 23 दिसम्बर को पर्यावरण संरक्षण, 24 दिसम्बर को पंच गौरव के तहत पर्यटन स्थल मचकुण्ड की साफ-सफाई तथा 25 दिसम्बर को समस्त राजकीय कार्यालयों में सुशासन सम्बन्धित शपथ के संबंध में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जायें एवं अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने सभी विभागों को लोक मामलों से संबंधित कार्यों में स्फूर्त ढंग से कार्य करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित चल रहे प्रकरणों, जनसुनवाई मे प्राप्त प्रकरणों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर दीर्घकाल से लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराया जाए, औसत निस्तारण समय में कमी की जाये एवं परिवादों का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की जाये। उन्होंने जल संसाधन के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कराए गए डिग्गियों के लिए अवलंब विद्युत कनेक्शन दिया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने पीएचईडी को पेयजल की समय-समय पर गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त पेयजल आपूर्ति लाइनों की मरम्मत करवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में सभी विभागों से संबंधित बजट घोषणाओं की समीक्षा कर अपेक्षित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए। उन्होंने संयुक्त निदेशक कृषि विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों द्वारा की जा रही फसल सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं विद्युत आपूर्ति किया जाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर कर्मवीर सिंह सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

