जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने टीम धौलपुर की कार्यकुशलता को सराहा
1 min read
समयबद्धता और समन्वय के साथ हासिल किया शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने टीम धौलपुर की कार्यकुशलता को सराहा
धौलपुर

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन ने प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। अब जिले ने मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य अर्जित कर लिया है। यह उपलब्धि जिले के निर्वाचन तंत्र की सक्रियता और मैदानी अमले के समर्पण का परिणाम है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने अभियान की सफलता का श्रेय टीम भावना को दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल आंकड़ों की नहीं, बल्कि एक सुनियोजित कार्यप्रणाली का परिणाम है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और विशेष रूप से बूथ लेवल अधिकारियों ने एक इकाई के रूप में कार्य करते हुए इस लक्ष्य को निर्धारित समय में पूर्ण किया है। प्रशासन ने प्रत्येक स्तर पर तकनीकी बाधाओं का त्वरित निवारण किया, जिससे यह गति संभव हो सकी।
जिले की इस उपलब्धि के पीछे सूक्ष्म कार्ययोजना और नियमित समीक्षा की अहम भूमिका रही। जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संवाद की एक मजबूत कड़ी स्थापित की गई। कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई गई और कार्मिकों को निरंतर प्रेरित किया गया। डिजिटाइजेशन का चरण पूर्ण होने के उपरांत, जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान के अगले और सबसे महत्वपूर्ण चरण के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अब प्रशासन का पूरा ध्यान मतदाता सूची के गुणात्मक सुधार पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी दिनों में अनमैप्ड मतदाताओं और एब्सेंट, शिफ्टेड, डेड श्रेणी के मतदाताओं का गहनता से सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे, इसके लिए इन श्रेणियों का भौतिक सत्यापन और निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का उद्देश्य केवल नाम जोड़ना नहीं, बल्कि एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जो पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी कार्मिकों से आह्वान किया है कि वे इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ सत्यापन कार्य में जुट जाएं, ताकि जिला न केवल आंकड़ों में बल्कि डेटा की शुद्धता में भी राय में अग्रणी भूमिका निभा सके।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान
