राज्य स्तरीय तीरदांजी प्रतियोगिता की सुचारू व्यवस्था किया जाना करें सुनिश्चित- जिला कलक्टरसाप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
1 min read
धौलपुर
बिजली, पानी, मौसमी बीमारियों को लेकर जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कलक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में उन्होंने कहा कि समस्त अधिकारी अपने कार्यो का निर्धारित समय में पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने महाप्रबंधक उद्योग केन्द्र को निर्देश देते हुए कहा कि बैंक एलडीएम से समन्वय स्थापित करते हुए उद्योग सम्बन्धित लम्बित पत्रावलियों का निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय तीरदांजी प्रतियोगिता की सुचारू व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी को परेशानी ना हो। उनके ठहरने की उत्तम व्यवस्था होनी चाहिए। इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को राजस्थान संपर्क पोर्टल, 181, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के नियमित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहर चलो अभियान की समीक्षा
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने ग्रामीण सेवा शिविर के तहत पत्थरगढ़ी व सीमाज्ञान प्रकरणों के निस्तारण, नामांतरण के लंबित मामलों का निपटारा, रास्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान, विरासत का बंटवारे के प्रकरणों के बारे में जानकारी लेकर शीघ्र एवं अधिकतम निस्तारण हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा विभाग को पेंशन सत्यापन, नए आवेदन एवं दिव्यागों को डिजिटल विशिष्ट पहचान प्रमाण पत्र बनवाए जाने में सहायता करने के निर्देश दिए। फसल बीमा योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ पहुॅचाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएफएसए के लंबित प्रकरणों के निस्तारण, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी कराए जाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने मृदा नमूना संग्रहण व मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, बीपीएल परिवारों का सर्वे, मंगला पशु बीमा में रजिस्टर्ड पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, स्वामित्व पट्टों का वितरण, लंबित नल कनेक्शनों का समाधान, पशुओं के टीकाकरण व उपचार, आयुष्मान कार्ड वितरण, और स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रवेशोत्सव जैसे कार्यों पर विस्तृत निर्देश दिए।
उन्होंने शहर चलो अभियान की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई स्ट्रीट लाईट रिपेयर व नई लाईट लगाने, टूटे फेरोकवर व क्रॉस सही कराने, ब्लैक स्पॉट सही करवाने, पेच वर्क, सार्वजनिक पार्कों की साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई व रिपेयर, सीवरेज कनेक्शन व रिपेयर किया जाना सुनिश्चित करें।
जिला टास्क फोर्स व महिला समाधान समिति की चर्चा
बैठक में जिला कलक्टर ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान व उसकी कार्य योजना पर व्यापक चर्चा करते हुए चिकित्सा विभाग को पीसी पीएनडीटी एक्ट के तहत् अधिक से अधिक डिकॉय ऑपेरशन संचालन करने एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत् बालिकाओं को अधिक से अधिक लाभ दिलवाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने सभी कार्यालयों में आन्तरिक शिकायत समिति के गठन पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी समिति का गठन किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग को गुड टच बैड टच विषय पर ब्लॉक लेवल पर कार्यशालाऐं आयोजित करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए एन सोमनाथ, उपखण्ड अधिकारी धौलपुर डॉ. साधना शर्मा सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो राजस्थान

