बीती रात उल्टहवा मांझा गांव में चोरी की वारदात,पुलिस जांच में जुटी
1 min readगोंडा।
जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पसका ग्राम पंचायत के उल्टहवा मांझा गांव में रविवार देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव के निवासी कैलाश यादव के घर को निशाना बनाया और घर में रखे जेवरात, नकदी, और अन्य कीमती सामान चुराकर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। देर रात अचानक नींद खुलने पर परिवार वालों ने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है। जब उन्होंने अपने कीमती सामान और जेवरात की तलाशी ली, तो सब कुछ गायब मिला। घटना की जानकारी तुरंत परसपुर थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है, और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। जांच अभी जारी है, और पुलिस जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई करने का दावा कर रही है।

