May 18, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सीएचसी में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ

1 min read
Spread the love

मिल्कीपुर/अयोध्या

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को सीएचसी मिल्कीपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान थे, जबकि सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा आयोजक रहे। विधायक पासवान ने फीता काटकर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के लिए चिकित्सा जांच और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसमें ईएनटी, नेत्र, रक्तचाप, मधुमेह और दंत जांच जैसी सामान्य जांचें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मुख, स्तन और ग्रीवा कैंसर की जांच, गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण सेवाएं, एनीमिया के स्तर की जांच, टेलीमानस सुविधाएं, टीबी जांच और सिकल सेल की जांच भी की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने के लिए मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना नामांकन, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सिकल सेल कार्ड और आभा आईडी कार्ड पंजीकरण की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए चीनी और खाद्य तेलों में 10% की कमी के साथ मोटापा कम करने, स्थानीय और क्षेत्रीय भोजन को बढ़ावा देने, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल, शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार संबंधी आचरण, मासिक धर्म स्वच्छता, संवर्धन और पोषण पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रक्तदान शिविर, निःक्षय मित्र स्वयंसेवी पंजीकरण और अंगदान पंजीकरण जैसी गतिविधियां भी इस अभियान का हिस्सा हैं। महिलाएं और बच्चे इन सेवाओं का लाभउठाने के लिए अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीएचसी या आंगनवाड़ी केंद्र पर जा सकते हैं।

यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उक्त योजना का उद्घाटन करने और जनता से संवाद का सीधा लाइव प्रसारण भी मौजूद लोगों को सुनाया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मिल्कीपुर श्याम नरायन पाठक, जिला पंचायत सदस्य अशोक मिश्रा, भाजपा नेता अरुण गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सरोज मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय कुमार तिवारी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा, डॉ. गया प्रसाद विश्वकर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कर्मी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *