पूर्व प्रधान मनोज सिंह से छीनी गई रिवॉल्वर का चार दिन बीत जाने के बाद भी नहीं लगा कोई सुराग
1 min readचार दिन बाद भी नहीं लगा रिवॉल्वर का सुराग
ऑपरेशन दृष्टि कैमरों का लिया सहारा, पुलिस की टीम कर रही जांच
पूरा बाजार अयोध्या
थाना महाराजगंज क्षेत्र के ग्राम सभा नारा जोगापुर निवासी पूर्व प्रधान मनोज सिंह से छीनी गई रिवॉल्वर का चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। पुलिस ने ऑपरेशन दृष्टि के तहत क्षेत्र के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली है, लेकिन अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पूर्व प्रधान मनोज सिंह ने बताया कि 12 सितंबर की रात लगभग 11:30 बजे वह पूरा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले फोन पर बात करने के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज कर मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई। मनोज सिंह के अनुसार, जब वह घर पहुंचे और कपड़े बदले तो रिवॉल्वर गायब मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना अध्यक्ष महाराजगंज राजेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मारपीट और रिवॉल्वर गायब होने की सूचना दर्ज कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस की टीम लगातार सुराग तलाश रही है और सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और रिवॉल्वर बरामद होने की मांग कर रहे हैं।

