मुंबई में धमाके की झूठी धमकी देने वाला आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
1 min readमुंबई को उड़ाने और दहलाने की धमकी भरा व्हाट्सएप मैसेज भेजने वाले आरोपी को गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटना का रहने वाला है और पिछले पांच साल से ज्योतिष और वास्तु का काम कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने मुंबई पुलिस को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर दावा किया था कि लश्कर-ए-जिहादी के 14 पाकिस्तानी आतंकी मुंबई में घुसपैठ कर चुके हैं और 400 किलो RDX से मुंबई को उड़ाया जाएगा। मैसेज में यहां तक लिखा गया था कि धमाके में एक करोड़ लोगों की जान जाएगी।
मुंबई ज्वाइंट सीपी ने तत्काल गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया। इसके बाद सीपी लक्ष्मी सिंह ने ज्वाइंट सीपी (L/O) और SWAT टीम को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी। नोएडा पुलिस की इस टीम ने महज 4 से 5 घंटों में नोएडा सेक्टर-79 की एक सोसाइटी से आरोपी को दबोच लिया।
गौरतलब है कि धमकी ऐसे समय दी गई थी जब मुंबई में आज बड़े स्तर पर गणेश विसर्जन होना है।वही आरोपी को पकड़ने वाली टीम को सीपी लक्ष्मी सिंह ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

