February 12, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

रेलवे भूमि अधिग्रहण मुआवजा समयबद्ध, समाचार पत्र की रिपोर्ट तथ्यहीन

1 min read
Spread the love


धौलपुर

एक समाचार पत्र में रेलवे, किसानों की जमीन अधिग्रहण कर मुआवजा देना भूला, अन्नदाता परेशानी में शीर्षक से प्रकाशित समाचार भ्रामक एवं तथ्यहीन है। समाचार में जिस प्रकार से किसानों को मुआवजा न मिलने की बात कही गई है, वह वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाती।
वास्तविकता यह है कि धौलपुर-सरमथुरा नैरोगेज से ब्रॉडगेज अमान परिवर्तन परियोजना के लिए धौलपुर, बाड़ी और सरमथुरा तहसीलों में रेलवे भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की जा रही है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत धौलपुर तहसील में भूमि अवाप्ति का अवार्ड जारी किया जा चुका है तथा पात्र कृषकों को अब तक 7.67 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसी प्रकार बाड़ी तहसील में भी अवार्ड पारित कर 26.87 करोड़ रुपये की राशि 524 कृषकों को वितरित की जा चुकी है। यह स्पष्ट करता है कि प्रशासन द्वारा किसानों को मुआवजा वितरण की कार्यवाही पूरी गंभीरता से की जा रही है और अधिकांश पात्र कृषक इसका लाभ प्राप्त कर चुके हैं। समाचार में जिन काश्तकार नईम खां का उल्लेख किया गया है, वे तहसील बाड़ी क्षेत्र से संबंधित हैं। उनकी भूमि खसरा नम्बर 466, 467 एवं अन्य का अधिग्रहण इस परियोजना के अंतर्गत किया गया है और उन्हें भी मुआवजा राशि दी जानी है। किंतु उनकी भूमि पर माननीय उपखण्ड अधिकारी, बाड़ी न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश जारी होने के कारण अवार्ड राशि का वितरण अस्थायी रूप से रोका गया था। हाल ही में यह स्थगन आदेश हटा है और अब उनकी भूमि का मुआवजा प्रपत्र तहसीलदार बाड़ी से प्राप्त होना शेष है। इस संबंध में तहसीलदार बाड़ी को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे सभी शेष प्रपत्र शीघ्र उपखण्ड कार्यालय धौलपुर में प्रस्तुत करें ताकि शेष मुआवजा वितरण की कार्यवाही भी समय पर पूर्ण की जा सके। यह स्पष्ट है कि समाचार पत्र में प्रकाशित तथ्यों के विपरीत, रेलवे भूमि अधिग्रहण के मुआवजा वितरण की प्रक्रिया नियमित रूप से प्रगति पर है और अधिकांश पात्र कृषकों को भुगतान किया जा चुका है। समाचार में प्रस्तुत किया गया कि “रेलवे ने किसानों की जमीन अधिग्रहण कर मुआवजा देना भूल गया” न केवल असत्य है बल्कि यह किसानों में अनावश्यक भ्रम फैलाने वाला भी है। जिला प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और सभी पात्र कृषकों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *