शराब पार्टी में मजाक बना मौत की वजह, युवक की चाकू मारकर हत्या; एक घायल
1 min read
सरगुजा।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शराब पीते वक्त हुआ हल्का मजाक, देखते ही देखते जानलेवा झगड़े में बदल गया। मामूली बात से नाराज़ एक युवक ने चाकू से दो दोस्तों पर हमला कर दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा घायल है।यह दर्दनाक वारदात लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरीकला गांव की है।पुलिस ने आरोपी युवक चिंटू राम प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शराब के दौरान मजाक से बढ़ा विवाद, फिर लहूलुहान हुआ दोस्ती का रिश्ता
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 9:30 बजे, पांच युवक—सुदर्शन दास, मदन सिंह, चिंटू राम प्रजापति और दो अन्य दोस्त—शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में मजाक हुआ, जो थोड़ी ही देर में विवाद में बदल गया।
विवाद से नाराज़ होकर चिंटू राम घर से चाकू लेकर लौटा और सुदर्शन दास पर हमला कर दिया। चाकू उसकी कमर में लगा, जिससे वह घायल हो गया और किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई।
मदन सिंह की बांसबाड़ी में मिली लाश, सीने में था गहरा घाव
घायल सुदर्शन और अन्य दोस्तों ने मदन सिंह की तलाश शुरू की, जो मौके से भाग गया था लेकिन मंगलवार सुबह उसका खून से लथपथ शव गांव के बाहर बांसबाड़ी में मिला।
फॉरेंसिक जांच में पता चला कि मदन के सीने में चाकू का गहरा वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी चिंटू राम हिरासत में, हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा और फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत मौके पर पहुंचे। मौके की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी चिंटू राम प्रजापति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने मामले में हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है।

