March 28, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

कर्नलगंज में बाईपास निर्माण की प्रक्रिया तेज, गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर सफर जल्द आसान

1 min read
Spread the love

गोण्डा।

जिले में गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कर्नलगंज में 25.400 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह बाईपास गोनवा के पास से शुरू होकर मसौलिया गांव तक निकलेगा। जिससे यात्रियों को रेलवे क्रॉसिंग और कर्नलगंज कस्बे में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए करीब 800 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच- 330बी के लिए 19 गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन गांवों में बिड़वा, कस्तूरी, सकरौरा ग्रामीण, कादीपुर, करुआ, कूरी, मुण्डेरवा, पारा, भंभुआ, चगेरिया, मसौलिया, पचमरी, गोनवा, हरिगवां, कुम्हरगढ़ी, करनैलगंज ग्रामीण, बसेहिया, कोंचा कासिमपुर और अहिरोरा शामिल हैं। भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी हो चुकी है, और बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। प्रभावित किसानों की जमीन का अधिग्रहण और बैनामा प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। बाईपास के साथ दो टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव है, जिनका नक्शा तैयार हो चुका है। मध्यप्रदेश की एक कंपनी ने ग्राम अहिरौरा और कोचा कासिमपुर के सामने टोल प्लाजा के लिए स्थान चिह्नित किए हैं। इसके अलावा, सरयू नदी पर फोरलेन पुल के निर्माण की भी योजना है, जो गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बढ़नी के लोगों के लिए लखनऊ तक आवागमन को और सुगम बनाएगा। लोक निर्माण विभाग, लखनऊ के अधिशासी अभियंता के अनुसार, बाईपास निर्माण के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) और मैपिंग का कार्य प्रगति पर है। यह परियोजना कर्नलगंज कस्बे के बाहर यातायात को सुचारू करेगी और क्षेत्र के विकास को गति देगी। बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है,जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को जल्द राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *