बदहाल सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने की जिलाधिकारी से शिकायत
1 min readकर्नलगंज,गोंडा।
तहसील क्षेत्र के विकास खंड हलधरमऊ अन्तर्गत ग्राम पंचायत परसा गोण्डरी में फरेंदा-जरवल मार्ग से दर्शन तिवारी पुरवा को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति इन दिनों अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इस सड़क की बदहाली से ग्रामीणों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। गांव के निवासी अनिरुद्ध ओझा ने इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है,जिसमें सड़क की मरम्मत की तत्काल मांग की गई है। अनिरुद्ध ने पत्र में बताया कि यह सड़क लंबे समय से उपेक्षित है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो बरसात के मौसम में पानी भरने से कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं। इस कारण स्कूल जाने वाले बच्चे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोग इस सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। यह सड़क गांव का प्रमुख रास्ता है, जिससे रोजाना स्कूल, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन होता है। कीचड़ और गड्ढों के कारण ग्रामीणों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अनिरुद्ध ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा हो और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस शिकायत के बाद अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस दिशा में त्वरित कदम उठाएगा और सड़क को दुरुस्त करवाएगा।

