बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले दरोगा का वीडियो वायरल,पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
1 min readगोंडा।
जिले में कानून के रखवाले ही कानून की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। कर्नलगंज कोतवाली में लंबे समय से तैनात दरोगा सरफराज खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसमें वे बिना हेलमेट के बाइक से फर्राटा भरते दिख रहे हैं। खास बात यह है कि वह बाइक इतनी स्पीड में चलाते नजर आ रहे ताकि कैमरों से बचा जा सके। यह वीडियो न केवल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाता है,बल्कि आम जनता के बीच भी आक्रोश पैदा कर रहा है। प्रतिदिन शाम को चौराहों पर चेकिंग के दौरान पुलिस बिना हेलमेट और बीमा के वाहन चालकों का चालान करती है,लेकिन जब बात खुद की आती है, तो यही पुलिसकर्मी नियमों की अनदेखी करते दिखते हैं। वायरल वीडियो में दरोगा की वर्दी की हनक साफ नजर आ रही है, मगर उनकी यह हरकत मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) का खुला उल्लंघन है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कानून के रखवालों पर नियम लागू नहीं होते? सोशल मीडिया पर लोग पुलिस की इस दोहरी नीति की आलोचना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब पुलिसकर्मी ही नियम तोड़ेंगे, तो आम जनता से अनुपालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? यदि कोई हादसा होता है, तो क्या इनके परिवार को नुकसान नहीं होगा? पुलिस अधीक्षक पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक ऐसी अनदेखी चलेगी? क्या चौराहों लग रही चेकिंग व लगे कैमरे केवल आम लोगों के लिए ही हैं? यह मामला गंभीर सवाल खड़े करता है कि कानून का पाठ पढ़ाने वाले पुलिसकर्मी खुद कब इसका पालन करेंगे। लोगों की मांग है कि पुलिस विभाग इस पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

