करंट की चपेट में आकर युवक और गौ वंश की दर्दनाक मौत,परिवार में मचा कोहराम
1 min read
गोंडा।
जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के अहिरन पुरवा धनावा गांव में मंगलवार दोपहर एक दुखद हादसे में 32 वर्षीय रामदुलारे यादव और उनकी भैंस की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव में मातम फैल गया और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार रामदुलारे यादव जो किढ़ियावन यादव के इकलौते पुत्र थे। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अपनी भैंस को चराने के लिए घर से निकले थे। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के स्टेवायर में भैंस का सींग फंस गया। भैंस को छुड़ाने की कोशिश में रामदुलारे ने उसे छुआ, लेकिन इसी दौरान वह स्वयं करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भैंस की कीमत करीब 70 हजार रुपये थी, और वह कुछ दिनों में बच्चा देने वाली थी। रामदुलारे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर विधायक के भाई मनमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। रामदुलारे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और उनके पीछे पत्नी गुड़िया (30), बेटा नीरज (15), बेटी ममता (10), और छोटा बेटा देवांश (6) हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है, और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

