कागजों में 3 महीने पहले पूरी दिखाई गई सड़क की अब हो रही मरम्मत
1 min readअयोध्या।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है। विभाग ने कादीपुर से भदोखर जाने वाले मार्ग को 31 मार्च को कागजों में पूर्ण घोषित कर दिया था, लेकिन हकीकत में मरम्मत कार्य अब जाकर शुरू हुआ है।
यह मार्ग कंपोजिट विद्यालय बैसिंह भदोखर से सिहोरिया तक लगभग आधा किलोमीटर लंबा है। सड़क की दुर्दशा और टूट-फूट की तस्वीरें जब 11 जून को ‘आनंद मोहन पेज’ से सोशल मीडिया पर उजागर हुईं, तो विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में गिट्टी गिराने का काम शुरू हुआ। इसी प्रकार धर्मपुर सआदत मार्ग, जिसकी लंबाई लगभग 1200 मीटर है, उसे भी विभाग ने मार्च में पूर्ण दिखा दिया था। लेकिन वहां भी सिर्फ कागजों में ही काम पूरा था। फोटो वायरल होने के बाद अब उस पर भी गिट्टी गिराई गई है। हालांकि बरसात शुरू होने के कारण मरम्मत का काम अधूरा पड़ा है और सड़क किनारे गिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की यह कार्यप्रणाली न केवल जनता के साथ धोखा है, बल्कि सरकारी धन का भी दुरुपयोग है। अब सवाल यह उठता है कि जब सड़कें मार्च में ही बन गई थीं, तो मरम्मत की जरूरत क्यों पड़ी? और अगर अब मरम्मत हो रही है, तो मार्च में उसे पूर्ण कैसे घोषित किया गया? जनता और जिम्मेदार अधिकारियों को इस पर जवाब देना होगा कि आखिर कागजों में ही सड़कें कैसे बन जाती हैं, और वास्तविकता सामने आने पर ही काम क्यों शुरू होता है?

