आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक जुलाई से बिना केवाईसी के नहीं मिलेगा पोषाहार
1 min readअब कैप्चर फेस को ही मिलेगा पोषाहार, ई केवाईसी व फेस वेरीफिकेशन के बिना नहीं मिलेगा पोषाहार और गर्म भोजन
आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक जुलाई से बिना केवाईसी के नहीं मिलेगा पोषाहार
हैरिंग्टनगंज मिल्कीपुर अयोध्या
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत महिला लाभार्थियों और बच्चों को मिलने वाला पोषाहार और गर्म भोजन एक जुलाई 2025 से बिना ई केवाईसी और फेस वेरीफिकेशन के मिलना अब मुश्किल होगा।

अब पोषाहार और गर्म भोजन कैप्चर फेस को ही मिल सकेगा एवं एक जुलाई से किसी का पोषाहार किसी के हाथों में जाना असंभव ही नहीं नामुमकिन होगा।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के 12 नवंबर 2024 तथा पांच मार्च 2025 को जारी आदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनिवार्य वितरण एवं बच्चों की उपस्थिति की निगरानी और पंजीकरण के समय चेहरा पहचान व्यवस्था (एफआरएस) को विकसित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इन आदेशों के तहत अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों और महिला लाभार्थियों का ई केवाईसी किया जा रहा है। ई केवाईसी के साथ ही अब लाभार्थी का फेस कैप्चर करके प्रोफाइल तैयार की जाएगी।
टीएचआर अर्थात ड्राई राशन वितरण या हाटकुक्ड के समय लाभार्थी की प्रोफाइल में कैप्चर फोटो से मिलान होना जरूरी होगा।
फोटो मिलान न होने पर पोषाहार या गर्म भोजन मिलना नामुमकिन होगा।
वहीं आदेश में कहा गया कि सभी लाभार्थियों की ई केवाईसी निर्वाध रूप से पूरा करने के लिए आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाले तीन से छह वर्ष के बच्चों की उपस्थिति और उनके गर्म पके हुए भोजन की निगरानी के लिए एक जुलाई से बच्चों की उपस्थिति दर्ज कराने और पका भोजन देने की सुविधा अनिवार्य कर दी जाएगी।
इसके साथ ही एक जुलाई 2025 से ड्राई राशन वितरण के लिए फेस कैप्चर व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
प्रमुख सचिव बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार ने इस बाबत सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी किया है।
फिलहाल विभागीय नियमों को शिथिल न किया गया तो एक जुलाई से बिना केवाईसी और फेस कैप्चर के आंगनवाड़ी केंद्रों से पोषाहार और हाटकुक्ड मिलना संभव नहीं होगा।
गांवों में आ रही तमाम दिक्कतें
कुछ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मुताबिक ई केवाईसी और फेस कैप्चरिंग में तमाम दिक्कतें भी आ रही हैं।
अब तक जो दिक्कतें सामने आई हैं उनमें आधार के साथ मोबाइल नंबर का अपडेट न होना है, जिसके लिए आप बाल विकास परियोजना अधिकारी हैरिंग्टनगंज के कार्यालय जाकर आसानी से अपडेट करा सकते हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी हैरिंग्टनगंज ने ब्लाक के सभी आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत लाभार्थियों से अनुरोध किया है कि सभी लाभार्थी अपनी -अपनी संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पास अपना आधार व आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर लेकर जाएं और लाभार्थी का फेस कैप्चरिंग व ई-केवाईसी करा लें यदि कहीं कोई समस्या आती है तो आप सीधे सीडीपीओ हैरिंग्टनगंज के मोबाइल नंबर 9807356749 पर संपर्क करके समस्या हल करा सकते हैं।
अयोध्या ब्यूरो रिपोर्ट

