अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित
1 min readनगर विधायक, मेयर अयोध्या ने उच्च अधिकारियों के साथ किया चौक क्षेत्र का निरीक्षण
अयोध्या
नगर विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता व मेयर अयोध्या गिरिशपति त्रिपाठी ने आज जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अयोध्या नगर स्थित सब्जी मंडी चौक, रिफ्यूजी मार्केट के साथ-साथ नरेंद्रालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय उन्होंने उच्च अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हमारी सरकार अयोध्या को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए दृढ़संकल्पित है इसलिए स्थानीय स्तर पर हम सभी के द्वारा विकास कार्य में किसी भी प्रकार की कसर नहीं छोड़नी है। इसी क्रम में कमिश्नर गौरव दयाल, डीएम चंद्र विजय सिंह, वीसी विकास प्राधिकरण के साथ चौक क्षेत्र के सब्जी मंडी,रिफ्यूजी मार्केट का निरीक्षण करते हुए कहा कि इस स्थान पर जल्द से जल्द मल्टीलेवल पार्किंग परिसर व मार्केट का निर्माण कराया जाए व विस्थापित व्यवसायियों को यहीं पर बसाते हुए यहां का पूर्णरूपेण सुंदरीकरण व विकास किया जाए। श्री गुप्ता स्थानीय जनता व व्यापारियों से भी वार्ता कर उनके सुझाव व समस्या से अवगत हुए।
इसी कड़ी में नरेंद्रायलय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि यह शहर का हृदय स्थल में स्थित सभागार है, इसका जल्द से जल्द स्तर पर जीणोद्धार कर कार्यक्रम या अन्य कार्य करने हेतु उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए एक कार्य योजना बनाकर शासन को भेजी जाए और जल्द से जल्द इन सभी स्थानों पर निर्माण कार्य संबंधित विभागों द्वारा शुरू करवा दिया जाए।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं समेत स्थानीय जनता व व्यापारी मौजूद रहे।

