अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के संविदा कर्मी प्रभुनाथ की मौत के मामले में सोमवार को प्राचार्य व एमबीबीएस विद्यार्थियों के खिलाफ परिवार वालों ने गंभीर आरोप लगाते हुए अयोध्या कोतवाली में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हैदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बिंदा मिश्र का पूरा निवासी जगदीश चंद्र मिश्र ने तहरीर में बताया कि बेटा प्रभुनाथ मेडिकल कॉलेज में 2019 से कार्यरत था। 29 जुलाई को कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों और कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें उनके पुत्र के साथ मारपीट की गई थी। प्राचार्य की ओर से गठित जांच समिति ने बेटे को दोषमुक्त कर दिया था। दो अगस्त को प्रभुनाथ ने दोबारा मेडिकल कॉलेज ज्वॉइन किया। प्राचार्य ने उसे कई बार धमकाया। सात अगस्त को प्र भुनाथ ने घटनाक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि मैं प्राचार्य व उक्त छात्रों के प्रताड़ना से तंग आ गया हूं। अब जीना नहीं चाहता। उसके पेट में दर्द व उल्टी होने लगी। उसे मेडिकल कॉलेज ले गए तो चिकित्सकों ने जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई और हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। जहां उसकी मौत हो गई। सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।