दुष्कर्म पीड़िता को डाक्टर ने बेहतर इलाज के लिए लखनऊ किया रेफर
1 min read
अयोध्या।
कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की शिकार हुई बच्ची को बेहतर इलाज के लिए सोमवार को शहर के महिला अस्पताल से लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) रेफर कर दिया गया। पीड़िता के साथ में सीएमएस डॉ. विभा कुमारी भी हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पूराकलंदर पुलिस टीम और पीड़िता की माँ व एक समाजसेवी गई हैं।
पुलिस ने 30 जुलाई को 12 साल की एक लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में अयोध्या जिले के भदरसा में बेकरी चलाने वाले मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, मोइद खान और राजू खान ने दो महीने पहले लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया था और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया था। चिकित्सा जांच में लड़की के गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया है कि मोइद खान समाजवादी पार्टी (सपा) का सदस्य है और फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद की टीम का हिस्सा है। योगी ने पिछले बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा था, ”यह अयोध्या का मामला है। मोइद खान समाजवादी पार्टी से है और अयोध्या के सांसद की टीम का सदस्य है। उसे 12 साल की बच्ची के साथ बलात्कार में शामिल पाया गया है। समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।” अयोध्या जिला प्रशासन ने गत शनिवार को मोइद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया था। प्रशासन का आरोप है कि यह बेकरी तालाब को पाटकर बनाई गई थी।

