April 5, 2026

Awadh Speed News

Just another wordpress site

अनियंत्रित रोडवेज बस गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राला से भिड़ी,चार गंभीर घायल

1 min read
Spread the love

गोण्डा।

जिले के गोंडा-बलरामपुर राजमार्ग पर इटियाथोक कस्बे के पास एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राले से भिड़ गई। इस हादसे में बस के बाईं तरफ का अगला हिस्सा फट कर अलग हो गया। हादसे में कई यात्री घायल हो गए। घायलों में दो बच्चों समेत चार की हालत‌ गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार की दोपहर बलरामपुर से सवारी लेकर लखनऊ के लिए निकली थी। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। रोडवेज बस इटियाथोक कस्बे के समीप पहुंची थी कि अचानक उसका अगला टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राला से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में बस के बाईं तरफ सी सीट पर सवार सोनाली उम्र करीब 27 वर्ष पुत्री राजेश दूबे निवासी इटियाथोक बाजार, उसका 8 माह का बेटा विधात, सोनाली के मौसी का बेटा मुन्ना तिवारी उम्र करीब 35 वर्ष व मुन्ना तिवारी का 4 वर्ष का बेटा अर्णव गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा अन्य कई यात्रियों को भी चोटें आईं हैं। दुर्घटना में बस का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। पुलिस भी तत्काल पहुंच गई और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुये हैं। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस के चालक नरेंद्र कुमार,परिचालक रितेश कुमार व अन्य यात्री सुरक्षित बच गए हैं। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *