राम लला का दर्शन मन,तो रामसेवक चिकित्सकों की आरोग्य सेवा से तन की पीड़ा हो रही दूर
1 min readअयोध्या
पीढ़ियों की प्रतीक्षा के बाद इस जीवन मे प्रभु के दर्शन से मन की व्याकुलता अधीरता सब संतुष्ट हो गयी यह तो शरीर है थोड़ी थकान दर्द दर्शन के आनन्द के आगे कुछ नहीं बेटा, आप लोग राम जी की सेवा में हो यह भी सौभाग्य है, शरीर की थकान आपकी दवा से चली जायेगी। ऐसे तमाम भावुक शब्द देश के भिन्न प्रान्तों से आने वाली बुजुर्ग माताएं आरोग्य भारती अवध प्रान्त के संयोजन में जन्मभूमि परिसर में निकास मार्ग पुलिस चौकी के निकट चल रहे समग्र चिकित्सा सेवा शिविर में चिकित्सकों की सेवा से संतुष्ट होते हुए कहती हैं तो लगता है , चिकित्सा सेवा सार्थक हो रही है। उक्त अनुभव बयां करते हुए सेवा समंवयक महानगर सेवा सहप्रमुख डॉ उपेन्द्र मणि त्रिपाठी ने बताया शिविर में होम्योपैथी, आयुर्वेद, एलोपैथी व एक्यूप्रेशर के विशेषज्ञ चिकित्सक भक्तों की ऐच्छिक पद्धति व अपनी योग्यतानुसार सेवाएं देते हैं।ज्यादातर माताओं के घुटने कमर पैरों व शरीर मे थकान से दर्द , कुछ बुखार, अम्लता, गैस, खांसी, जुकाम की ही शिकायत रहती है। पीड़ा से मुक्ति के लिए जेल लगाने व विश्राम के समय चिकित्सको को ढेरो आशीर्वाद देती माताएं प्रभु के दर्शन से भावुक प्रसन्न और संतुष्ट दिखती है जैसे जीवन के सबसे बड़ा स्वप्न पूरे होने के आगे शारीरिक थकान कुछ मायने नहीं रखती हो। शिविर में आरोग्य भारती मऊ की तरफ से होम्योपैथी औषधियां उपलब्ध कराई गयीं।शिविर में आरोग्य भारती व होम्योपैथी चिकित्सा विकास महासंघ के डॉ उपेन्द्र मणि त्रिपाठी, डॉ अजीत सिंह, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ सतीश सिंह, डॉ सोनी शर्मा, डॉ राकेश श्रीवास्तव, डॉ उपकार यादव, डॉ सुरजीत वर्मा, डॉ विनय कसौधन, डॉ प्रदीप, डॉ वाई पी गुप्त, डॉ सौरभ सिंह, डॉ कुलदीप, डॉ राहुल गुप्त , डॉ नैंसी मिश्रा, एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ राजपाल आदि अपनी चरण बद्ध सेवाएं दे रहे हैं। शिविर के माध्यम से अब तक 17 हजार से अधिक सेवितजन लाभान्वित हुए हैं। 15 जनवरी से शुरू हुए शिविरों की सेवाएं अभी 29 फरवरी तक निर्धारित हैं ।

