करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव की हत्या का राजस्थान में विरोध, आक्रोशित लोगों ने पथराव कर सड़क पर जलाए टायर
1 min readराजस्थान

सुखदेव की हत्या का राजस्थान में विरोध, पथराव कर सड़क पर जलाए टायर।
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जयपुर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। प्रदेश में विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गया है।
राजस्थान के चूरू जिले में सरकारी बस पर पथराव कर दिया। इससे बस के शीशे टूट गए। साथ ही बस में सवार लोगों के बीच भगदड़ मच गई।
सुखदेव सिंह चूरू जिले के तारानगर में चलकोई गांव के पास लोगों की भीड़ ने बीच सड़क पर टायर में आग लगा दी और रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस कच्चे रास्ते से वाहनों को निकाल रही है।
जयपुर में मेट्रो मास अस्पताल के बाहर भी समर्थकों की भीड़ ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। समर्थक हत्या के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।
सुखदेव सिंह की हत्या के विराध में जयपुर बंद का आह्वान किया गया। सर्व समाज ने समर्थन किया है। श्री ढहर का बालाजी व्यापार एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. रवि जिंदल ने बंद का समर्थन किया है।
डीजीपी उमेश मिश्रा ने बताया कि सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के बाद से आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लोग धैर्य और शांति बनाए रखनें। डीजीपी मिश्रा ने कहा कि रोहित गोदारा गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसे ध्यान में रखते हुए पड़ोसी जिलों और बीकानेर संभाग में भी बदमाशों के कांटेक्ट को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जा रही है। हरियाणा के डीजीपी ने भी सहयोग के लिए कहा है।
उन्होंने बताया कि हत्यारे बातचीत करने के बहाने गोगामेडी के घर में दाखिल हुए और कुछ देर बातचीत के बाद गोलियां चलाना शुरू कर दिया। गोगामेड़ी के गार्ड ने भी जवाबी गोली चलाई। घटना के बाद दोनों हमलावरों ने उनके साथ आए नवीन शेखावत को भी गोली मार दी। इस घटना में गोगामेड़ी और नवीन की मौत हो गई जबकि परिचित अजीत गंभीर रूप से घायल है।
सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के मामले में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने संज्ञान लिया है। उन्होंने DGP उमेश मिश्र से घटना की जानकारी ली। इसके बाद राज्यपाल मिश्र ने डीजीपी को प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो, जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।
