प्राथमिक विद्यालय में मेडिकल कैंप, 84 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
1 min readबारुन।

मिल्कीपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत करमडांडा के प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। इसमें 84 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 37 छात्र और 47 छात्राएं थीं। शिविर में बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं और जरूरी जानकारी के बारे में बताया गया। चिकित्सक डॉ. डीके यादव ने कहा कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिन्हा के निर्देशन में शिविर लगाया गया। डॉ. डीके यादव ने बच्चों को 4D बीमारियों- जन्मजात दोष, पोषण की कमी, बीमारियां और शारीरिक विकास में देरी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक जागरूकता, लड़कियों को गुड टच और बैड टच, मोबाइल की लत और फास्ट फूड के दुष्प्रभाव से जुड़ी बातें भी बताईं। शिविर में नेत्र जांच कर रहे नमित कुमार गौतम ने बच्चों की आंखों की जांच की और नजर से जुड़ी जानकारी दी। बच्चों की लंबाई और वजन भी मापा गया। कान की समस्या होने पर छात्र दिव्यांश, ऋषभ और छात्रा अल्फिया, सूफिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर भेजा गया। वहां उन्हें बीमारी से जुड़ी दवाएं मुफ्त दी जाएंगी। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने साफ-सुथरी यूनिफॉर्म में बैठे बच्चों की सराहना भी की।
शिविर में प्रधानाध्यापिका निवेदिता उपाध्याय, शिक्षक दिनेश तिवारी, शिक्षिका सचीपूर्णा सिंह, विभा जायसवाल और ममता यादव समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
