दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन छीनकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
1 min readखंडासा मोड़ से हनुमानगढ़ी के बीच वारदात, पुलिस ने शुरू की तलाश

मिल्कीपुर अयोध्या।
कुमारगंज कस्बे में बुधवार, 14 अक्टूबर को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। वारदात खंडासा मोड़ से हनुमानगढ़ी के बीच हुई। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर कुमारगंज थाने के उपनिरीक्षक गौरव पांडे मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। मिली जानकारी के मुताबिक, भोला देवी पत्नी हरिश्चंद्र, निवासी परसितारा, थाना बल्दीराय, बुधवार दोपहर दवा लेने के लिए पैदल जनता मेडिकल स्टोर जा रही थीं। बताया गया कि उन्हें सीने में जकड़न की शिकायत थी। इसी दौरान जब वह खंडासा मोड़ से हनुमानगढ़ी के बीच पहुंचीं, तभी बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीनकर हलियापुर की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं। वारदात की जानकारी मिलने के बाद कुमारगंज थाने के उपनिरीक्षक गौरव पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली और उन्हें थाने ले गए। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पीड़िता भोला देवी के मुताबिक, चेन छीनने वाले दोनों युवकों में से एक ने पैंट-शर्ट पहन रखी थी, जबकि दूसरा कुर्ता-पायजामा पहने हुए था। महिला के बताए हुलिये के आधार पर पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, घटना के संबंध में पीड़िता की ओर से अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। इस संबंध में जब कुमारगंज थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह उस समय क्षेत्र में थे और उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। दिनदहाड़े हुई चेन छिनैती की इस वारदात के बाद पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। अब तक बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
