38 घंटे की तलाश के बाद तालाब में मिला लापता राजमिस्त्री का शव, परिवार में कोहराम
1 min readगोंडा
38 घंटे की तलाश के बाद तालाब में मिला लापता राजमिस्त्री का शव, परिवार में कोहराम
शनिवार सुबह एसडीआरएफ ने बरामद किया शव, परसपुर के चरसड़ी डीहा गांव की घटना
गुरुवार रात 9 बजे तालाब से आई थी ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज, जलकुंभी बनी सर्च में बाधा
गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चरसड़ी के मजरा चरसड़ी डीहा में गुरुवार रात से लापता 22 वर्षीय राजमिस्त्री परमजीत निषाद का शव शनिवार सुबह करीब 10 बजे तालाब से बरामद कर लिया गया। 38 घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात में सुनी थी चीख
पिता धनीराम निषाद ने बताया कि बेटा परमजीत राजमिस्त्री का काम करता था। गुरुवार रात करीब 9 बजे गांव के तालाब की तरफ से ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज आई। परिवार के लोग टॉर्च लेकर तालाब की ओर दौड़े, लेकिन अंधेरे में कुछ पता नहीं चला। उसके बाद से परमजीत घर नहीं लौटा। आशंका है कि अंधेरे में पैर फिसलने से वह गहरे तालाब में गिर गया।
जलकुंभी से जूझती रही एसडीआरएफ
परिजनों की सूचना पर शुक्रवार सुबह से ही परसपुर पुलिस,एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने सर्च अभियान शुरू किया था। तालाब में घनी जलकुंभी फैली होने से रेस्क्यू में भारी दिक्कत आई। एसडीआरएफ की मोटरबोट बार-बार जलकुंभी में फंस जा रही थी। शनिवार सुबह दोबारा शुरू हुए अभियान में आखिरकार परमजीत का शव बड़ी मशक्कत के बाद बरामद हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष परसपुर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

