गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, उप गन्ना आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
1 min readगोण्डा, 18 सितम्बर। गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य (एसएपी) बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय किसान संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश संगठन मंत्री दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने देवीपाटन मंडल के उप गन्ना आयुक्त (डीसीसी) डॉ. आर.बी. राम से मुलाकात कर मुख्यमंत्री और गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले एक साल में डीजल, खाद, कीटनाशक, बीज और सिंचाई की लागत कई गुना बढ़ गई है। गन्ना प्रदेश की मुख्य नकदी फसल है और लाखों किसानों की आजीविका इसी पर टिकी है, लेकिन मौजूदा एसएपी में खेती घाटे का सौदा बन गई है। इस अवसर पर दिलीप मिश्रा ने कहा, “किसान कर्ज में डूब रहा है। गन्ने से बनने वाली चीनी 70 रुपये किलो तक बिक रही है, इथेनॉल से मिलें भारी मुनाफा कमा रही हैं, लेकिन किसान को उसकी मेहनत का वाजिब दाम नहीं मिल रहा। सरकार को जनहित में इस पेराई सत्र से ही 600 रुपये प्रति क्विंटल का भाव घोषित करना चाहिए।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस जायज मांग पर निर्णय नहीं लिया तो संगठन जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष, तहसील अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में किसान भाई और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

