स्कॉर्पियो की टक्कर से बच्ची की मौत, मां-बेटा गंभीर
1 min readपरसपुर (गोंडा)
डेहरास-गोंडा मार्ग पर कटेला के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर में सात वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार सालपुर पाठक निवासी फिदा हुसैन (40) अपनी मां हबीरन (60) और सात वर्षीय बेटी सायना के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UP32 FM 2280) ने कटैला के पास मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल के ऊपर पलट गई। हादसे में सायना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फिदा हुसैन और उनकी मां हबीरन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. लवकेश शुक्ला ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय गोंडा रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

