ई-कॉमर्स कंपनी के मैनेजर पर लोहे की रॉड से हमला, जिला अस्पताल में भर्ती
1 min read
मिल्कीपुर, अयोध्या।
हैरिंग्टनगंज थाना क्षेत्र के आदिलपुर पूरे पराग पंडित निवासी सुभाष गोस्वामी पुत्र स्वर्गीय राम कुमार पर बुधवार सुबह कथित रूप से दो युवकों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि सुभाष गोस्वामी फैजाबाद स्थित एक ई-कॉमर्स कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार सुबह करीब सात बजे वह मोटरसाइकिल से अपने कार्यालय जा रहे थे। आरोप है कि शाहगंज से आगे बारुन मार्ग पर पहुंचते ही होंडा शाइन मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सुभाष के शरीर पर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पीड़ित ने मामले में हमलावरों के खिलाफ हैरिंग्टनगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


