रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिसकर्मियों को बांधी राखी,नशामुक्त समाज का दिलाया संकल्प
1 min readबांदा
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस लाइन बांदा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।राखी बांधते हुए बहनों ने पुलिसकर्मियों के स्वस्थ,सुखी और सुरक्षित जीवन की कामना की।कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिसकर्मियों को नशे से पूरी तरह दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।साथ ही समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।ब्रह्माकुमारी बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और अच्छे संस्कारों को अपनाने का संदेश भी देता है।उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।ऐसे में यदि पुलिसकर्मी स्वयं नशामुक्त रहने का संकल्प लेते हैं और लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करते हैं तो समाज में इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने भी नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार,मित्रों और समाज के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।इस दौरान पुलिस लाइन में भाईचारे और आत्मीयता का माहौल नजर आया।ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में आरआई सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से बीके शालिनी दीदी,साधना दीदी,आशा दीदी,शिखा बहन,सुनैना बहन,सोनी बहन,वंदना बहन, मसुराहा भाई साहब,दिलीप भाई जी,महेश भाई जी और पटेल भाई जी सहित अन्य भाई-बहन उपस्थित रहे।

