फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पीहर पक्ष ने लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप
1 min read,
बाड़ी
कंचनपुर थाना क्षेत्र के बिदरपुर गांव में एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बसेड़ी के नोनेरा निवासी सीमा (27) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार साल पहले बिदरपुर निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं।
मृतका के भाई शिशुपाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सीमा को दहेज के लिए ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। शनिवार को सीमा की मां उससे मिलने पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार सीमा ने ससुराल में चल रहे विवाद की जानकारी अपनी मां को दी थी। मां ने उसे सावन में पीहर चलने के लिए कहा, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे जाने नहीं दिया।
शाम को पड़ोसियों से सूचना मिलने पर पीहर पक्ष मौके पर पहुंचा। परिजनों ने आरोप लगाया कि सीमा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच,
कंचनपुर थाना एएसआई मानसिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


