दमोह झरने के पास नाले में फंसे दो युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
1 min readधौलपुर, राजस्थान।
दमोह झरने के पास नाले में फंसे दो युवक, एक घंटे की मशक्कत के बाद SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू,
अचानक बढ़े जलस्तर से मची अफरा-तफरी, झरने की पहाड़ी पर करीब 100 पर्यटक भी फंसे; ग्रामीणों ने रस्सी-लकड़ी की मदद से सभी को सुरक्षित उतारा,
सरमथुरा, न्यूज।
सरमथुरा क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश के चलते दमोह झरने के पास अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के बीच झरना देखकर लौट रहे दो युवक रास्ते में नाले के पानी में फंस गए। युवकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे जिले के दो युवक दमोह झरना देखकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और पहाड़ी से पानी आने के कारण नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते नाले का बहाव तेज हो गया और दोनों युवक पानी के बीच फंस गए। युवकों ने फोन के माध्यम से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस और प्रशासन तत्काल हरकत में आया।
एक घंटे तक चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और फिसलन भरे रास्ते के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी युवक के घायल होने की सूचना नहीं है।
पहाड़ी पर फंसे करीब 100 पर्यटक और ग्रामीण भी सुरक्षित निकाले,
रेस्क्यू के दौरान टीम को पता चला कि दमोह झरने के पास पहाड़ी पर करीब 100 पर्यटक और ग्रामीण भी फंसे हुए हैं। बारिश के कारण रास्ता बेहद फिसलन भरा हो गया था, जिसके चलते लोगों को पहाड़ी से नीचे उतरने में परेशानी हो रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने आगे आकर रस्सी और लकड़ी की मदद से पर्यटकों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने में सहयोग किया।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासन की तत्परता तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
बारिश में दमोह क्षेत्र में जाने से बचने की अपील,
थाना प्रभारी कैलाश सामरी ने बताया कि बारिश के दौरान दमोह झरना और आसपास का क्षेत्र बेहद संवेदनशील हो जाता है। पहाड़ी से अचानक पानी आने के कारण नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है और रास्ते फिसलन भरे होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
प्रशासन ने मौसम साफ होने तक दमोह क्षेत्र में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान प्रशासन की अनुमति के बिना झरने, नालों और अन्य जलस्रोतों की ओर नहीं जाएं। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र में गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

