पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में शान से लहराया तिरंगा, वीरांगनाओं और प्रतिभाओं का सम्मान; मार्च पास्ट ने बांधा समां,
1 min readधौलपुर, राजस्थान
देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस धौलपुर जिले में हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान गृह रक्षा दल, एनसीसी एवं स्काउट की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह में शहीद वीरांगनाओं के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं एडीएम हरिराम मीना ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया।
नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुति ने बढ़ाया उत्साह,
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा व्यायाम पीटी का शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।
समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। इससे पूर्व जिला कलेक्टर ने अपने निवास एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय पर ध्वजारोहण किया तथा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस प्रतिभा को जयपुर में सम्मान,
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धौलपुर पुलिस की प्रतिभा को भी सम्मान मिला। पुलिस बल शाखा प्रभारी राहुल कंसाना को उनके सराहनीय कार्यों के लिए जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रमुख अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी,
मुख्य समारोह में एसपी विकास सांगवान, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एएन सोमनाथ, भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र पारासर, भाजपा नेता नीरजा शर्मा, सुखराम कोली सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविन्द प्रसाद शर्मा ने किया।
न्यायालय, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों में भी फहराया तिरंगा,
स्वतंत्रता दिवस पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए। जिला एवं सत्र न्यायालय में जिला जज संजीव मांगो ने ध्वजारोहण किया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में पीआरओ राजकुमार मीणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
जिला अस्पताल में भी ध्वजारोहण के बाद चिकित्सकों एवं नर्सिंगकर्मियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। तहसील परिसर में तहसीलदार जगवीर सिंह, कोर्ट परिसर में एडीजे सुनील कुमार गुप्ता तथा पंचायत समिति में विकास अधिकारी अनिल शर्मा ने ध्वजारोहण किया।
इसके अलावा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी और निजी विद्यालयों, कांग्रेस एवं भाजपा कार्यालयों सहित विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। पूर्व विधायक गिर्राज मलिंगा ने अपने कार्यालय पर ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे जिले में दिनभर देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल नजर आया।
विजय कुमार शर्मा ब्यूरो

