गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
1 min read
रेवतीगंज, अयोध्या।
गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ क्षेत्र के दर्जनों लोग शामिल हुए। हैरिंग्टनगंज चौकी इंचार्ज शेखर नाथ सिंह ने विद्यालय प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल, समाजसेवी राजू दूबे और मंगेश मणि त्रिपाठी के साथ संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद मां सरस्वती का पूजन किया गया तथा आजादी के वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परेड निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। बच्चों ने ‘विजयी भव’, ‘वंदे मातरम्’, ‘रंग दे बसंती चोला’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
प्रधानाचार्या शिखा दूबे और प्रभा शंकर शुक्ल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अमन पाण्डेय और निधि ने किया।
इस अवसर पर सोनू यादव, राम सूरत तिवारी, शिव बहादुर शुक्ल, इंद्रजीत पाण्डेय, अजय यादव, दिगम्बर पाठक, राकेश पाण्डेय, बीरेन्द्र यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे। अंत में उप प्रबंधक रमा शंकर शुक्ल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

